LPU हिंसा मामले में बड़ा खुलासा! पुलिस की गाड़ियां जलाने के आरोप में 2 गिरफ्तार, फरहत की तलाश में जम्मू पहुंची पुलिस

Major revelation in the LPU violence case! Two arrested for torching police vehicles; police reach Jammu in search of Farhat.

फगवाड़ा: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुई हिंसा के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस की गाड़ियां जलाने के आरोप में दो छात्रों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दोनों को मुंबई से हवाई जहाज के जरिए जालंधर लाया जा रहा है। पुलिस उन्हें फगवाड़ा कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में है।

पुलिस जांच के अनुसार, हिंसा के दौरान सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने और छात्रों को उकसाने के मामले में इन्फ्लुएंसर मोहम्मद फरहत देव और जेम्स दहिया की भूमिका भी जांच के दायरे में है। फरहत को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ पहुंची है।

कृष्ण कुमार और भविष्य से होगी पूछताछ

पुलिस के मुताबिक, मुंबई से गिरफ्तार कृष्ण कुमार और छात्र भविष्य को इस बात की जानकारी है कि घटनास्थल पर पेट्रोल कौन लेकर आया था। दोनों से पूछताछ के बाद आगजनी और पथराव में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।

पुलिस ने अभी तक दोनों आरोपियों की तस्वीरें जारी नहीं की हैं। दावा किया जा रहा है कि हिंसा के बाद उन्होंने जलती हुई पुलिस की गाड़ियों के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा था कि उन्हें इंसाफ मिल गया है।

फरहत की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पुलिस जम्मू-कश्मीर से साहिल और अंतरिक्ष को भी गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान दोनों ने कथित तौर पर बताया कि उनका इन्फ्लुएंसर मोहम्मद फरहत के साथ एक ग्रुप था और उसी के उकसाने पर वे तोड़फोड़ में शामिल हुए।

पुलिस अब फरहत की तलाश में छापेमारी कर रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद हिंसा की साजिश, सोशल मीडिया पर कथित उकसावे और पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाने से जुड़े कई पहलुओं पर और जानकारी सामने आने की संभावना है।

फिलहाल पुलिस की जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि पेट्रोल कौन लेकर आया, गाड़ियों में आग किसने लगाई और हिंसा के दौरान छात्रों को किसने उकसाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *