ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर के जोड़ा फाटक के पास धर्मपुरा इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक महिला ने 5 साल की मासूम बच्ची को बीच सड़क घसीट-घसीट कर पीटा। इसके बाद अपने बच्ची को बचाने आई मां को भी महिला ने धमकाया। आस-पास के लोगों के आने के बाद बच्ची को महिला से छुड़ाया गया। यह घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
एक के बाद एक मारे 6 थप्पड़
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बच्ची गली में भाग रही है। इस दौरान उसकी मां पकड़ने के लिए पीछे दौड़ रही है। इसी दौरान आरोपी महिला आती है और मासूम बच्चे को पकड़ कर एक के बाद एक थप्पड़ मारना शुरू कर देती है। मारपीट के दौरान महिला बच्ची को जमीन पर गिरा देती है। इसके बाद उसे उठाने के बजाय घसीटते हुए ले जाती है।
बच्ची को बचाने आई मां दौड़ते हुए गिरी
बच्ची को पिटते देख उसकी मां चिल्लाती है और महिला से छुड़ाने की कोशिश करती है। इसी दौरान आरोपी महिला गाली देते हुए उसे धमकाकर हटा देती है। घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंचते हैं। जब वह महिला से बच्ची को छुड़ाने की कोशिश करते हैं तो महिला उन सभी से भिड़ जाती है। हालांकि लोग महिला से बच्ची को बचा लेते हैं।
परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत
इस घटना के बाद पीड़ित बच्ची के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी है और इंसाफ की मांग की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।









