पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए भारी बवाल पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सख्त संज्ञान लिया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और DGP गौरव यादव को खुद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने को कहा है। DIG के मुताबिक DGP आज सुबह 10 बजे LPU पहुंचेंगे।
18 घंटे बाद खुला दिल्ली-अमृतसर हाईवे
शनिवार देर रात सोशल मीडिया पर एक छात्रा से कथित रेप और आत्महत्या से जुड़ा मैसेज वायरल होने के बाद छात्रों का गुस्सा भड़क गया। छात्रों ने यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ की और मुख्य गेट के बाहर दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। करीब 18 घंटे बाद रविवार रात 12 बजे हाईवे खोला गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किया गया और पुलिस की तीन गाड़ियों में आग लगा दी गई।
छात्र कथित रेप मामले में FIR दर्ज करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने फगवाड़ा के सतनामपुरा थाने में अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज की और जांच के लिए SIT गठित की। पुलिस के अनुसार SIT में 5 स्टूडेंट्स को भी शामिल किया गया है। CCTV फुटेज की पिछले 4-5 दिनों की जांच की जा रही है।
हालांकि, पुलिस ने कहा है कि अभी तक कोई कथित पीड़िता सामने नहीं आई है और रेप या आत्महत्या के ठोस सबूत नहीं मिले हैं। छात्रों की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।
10 दिन बंद रहेगी यूनिवर्सिटी
दूसरी तरफ LPU प्रशासन ने रेप और आत्महत्या के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि यूनिवर्सिटी को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
बवाल के बाद यूनिवर्सिटी को 10 दिन के लिए बंद कर दिया गया है और मिड-टर्म परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। छात्रों को घर जाने की सलाह दी गई है, जबकि कैंपस में रुकने वाले छात्रों से जरूरत के बिना हॉस्टल से बाहर न निकलने को कहा गया है।फिलहाल स्थिति पुलिस के नियंत्रण में है और यूनिवर्सिटी परिसर में सुरक्षा बल तैनात हैं।









