ख़बरिस्तान नेटवर्क : पटियाला की चितकारा यूनिवर्सिटी में 25 सितंबर की देर रात सोशल मीडिया पर फैली कथित अफवाहों के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। कैंपस में ‘भूत’ होने और इसके बाद दो छात्राओं के कथित तौर पर लापता होने की बातें सामने आने पर बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कैंपस में तोड़फोड़ की भी सूचना है।
पुलिस और छात्रों के बीच हुई झड़प
हालात बिगड़ने की सूचना मिलने पर थाना बनूड़, थाना सदर राजपुरा और थाना सिटी राजपुरा से पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, छात्रों को शांत करने और स्थिति नियंत्रित करने के प्रयास के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस की एक सरकारी गाड़ी में भी तोड़फोड़ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
हंगामे के दौरान KSM चौकी, सिटी राजपुरा के इंचार्ज अजय कुमार के साथ भी छात्रों की कथित तौर पर धक्का-मुक्की हुई। छात्रों की ओर से चौकी इंचार्ज पर नशे की हालत में होने के आरोप लगाए गए। इसके बाद यूनिवर्सिटी की लैब में उनका मेडिकल परीक्षण करवाए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
‘भूत’ की अफवाह से शुरू हुआ मामला
हंगामे के बीच छात्रों में यह चर्चा भी फैल गई कि कैंपस में पहले किसी छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या की थी और उसका ‘भूत’ हॉस्टल में छात्रों को परेशान कर रहा है। हालांकि, यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस ने ऐसी किसी आत्महत्या की घटना से इनकार किया है। प्रशासन के मुताबिक, रात के समय कुछ शरारती तत्व दूसरे छात्रों के कमरों के दरवाजे खटखटाकर वहां से भाग जाते थे। इसी तरह की घटनाओं के चलते कैंपस में अफवाह फैलने की बात सामने आई है।
2 छात्राओं के लापता होने की भी फैली चर्चा
मामले के दौरान दो छात्राओं के लापता होने की बात भी सामने आई। सोशल मीडिया पर इससे संबंधित पोस्ट किए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, मौके पर पहुंचे डीएसपी सुखदेव सिंह ने कहा कि अभी तक किसी छात्रा का नाम या पहचान सामने नहीं आई है और छात्रों के पास भी कथित तौर पर लापता हुई दोनों छात्राओं के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं है।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने छात्रों से शिकायतें ली हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। छात्रों से मिली जानकारी का वेरिफिकेशन किया जाएगा। यदि कोई छात्रा वास्तव में लापता पाई जाती है तो उसकी गुमशुदगी की भी पूरी जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों को दिया सुरक्षा का भरोसा
डीएसपी सुखदेव सिंह ने अभिभावकों को आश्वस्त किया कि यूनिवर्सिटी में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है और सभी बच्चे सुरक्षित हैं। पुलिस मौके पर मौजूद है और कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने रात के समय कमरों के दरवाजे खटखटाने तथा अफवाह फैलने से जुड़ी घटनाओं की CCTV फुटेज की जांच करने का भरोसा दिया है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और अपने-अपने हॉस्टल लौट गए।









