ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना के बहादुरके रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही का एक दिल दहला देने वाला मंजर देखने को मिला, जहां अनियंत्रित होकर काल बनकर दौड़ी एक इलेक्ट्रिक कार ने सड़क पर भारी तबाही मचा दी। तेज रफ्तार से आ रही सफेद रंग की टियागो ई-कार ने आगे चल रहे एक साइकिल सवार, एक बाइक, एक एक्टिवा और 2 ई-रिक्शा को एक के बाद एक जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
साइकिल सवार और मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी
इस दर्दनाक हादसे का एक लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर हर किसी की रूह कांप उठे। वहीं सूचना मिलते ही थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है।
फुटेज में दिख रहा है कि सड़क पर सामान्य ट्रैफिक चल रहा था और लोग अपनी-अपनी दिशा में जा रहे थे। तभी पीछे से बेहद तेज गति में आ रही सफेद रंग की टियागो कार ने बिना ब्रेक लगाए सीधे एक साइकिल सवार और मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार हवा में तीन गुलाटियां खाते हुए करीब 30 फीट दूर जाकर सड़क पर गिरा। इसके तुरंत बाद बेकाबू कार ने आगे चल रहे दो ई-रिक्शा और एक एक्टिवा को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही एक ई-रिक्शा सड़क पर बुरी तरह पलट गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घायलों में से दो की हालत काफी नाजुक
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए ई-रिक्शा चालक जतिंदर पाल सिंह ने सिर पर गहरे घाव लगे हैं और पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, ने बताया कि वह अपनी ई-रिक्शा में 2 सवारियों को लेकर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि सामने से आ रही कार की रफ्तार कम से कम 100 से 120 किमी प्रति घंटा रही होगी। कार चालक ने पलक झपकते ही एक सेकंड के भीतर मोटरसाइकिल और फिर उनके ई-रिक्शा में सीधी टक्कर मार दी।
कार चालक पर नशे में धुत होने का आरोप
जतिंदर पाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के बाद आरोपी कार चालक कार से बाहर तक नहीं निकल पा रहा था। वह नशे में इतना धुत था कि अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पलटे हुए ई-रिक्शा के नीचे दबे लोगों और सड़क पर पड़े घायलों को बाहर निकाला। सभी 5 घायलों को तत्काल एंबुलेंस व निजी वाहनों के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। घायलों में से दो की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी कार चालक को पकड़ा
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक को सुचारू करवाया और आरोपी कार चालक को कार सहित मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण करवाया जा रहा है ताकि शराब या अन्य किसी नशे की पुष्टि की जा सके। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और लोगों की जान जोखिम में डालने की गंभीर धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।









