ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर कैंट के मोहल्ला नंबर-8 स्थित प्रकृति अस्पताल में डिलीवरी के लिए पहुंची एक महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान रिंपी के रूप में हुई है। महिला की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए।
ये डॉक्टर नहीं हैं, ये बहू-बेटियों को मार रहे हैं
डिलीवरी से पहले हमारी बहू बिल्कुल ठीक थी
महिला की सास ने कहा कि यहां कोई डॉक्टर नहीं है। ये तो ज़िंदा लोगों की बहु-बेटियों और लड़कियों को मार रहे हैं। हमारी बहू हंसती-खेलती हमारे पास से अंदर ऑपरेशन थिएटर के अंदर गई थी। वह बातें करती हुई गई थी। पहले उसने फोन करके कपड़े मंगवाए, डायपर भी मंगवाए बच्चों के। मैंने सब कुछ खरीद कर भिजवा दिया। जब हम लौटकर आए, तो वह बहुत अच्छे से बैठी थी और लेटी हुई हंस रही थी। मैंने पूछा कि ठीक हो, तो उसने कहा कि हां ठीक हूं।
बच्चे को न सही बहू को तो बचा लेते
उन्होंने आगे कहा कि बाद में काम वाली आई और बोली कि चलिए आपका ऑपरेशन का समय हो गया है। वे उसे अंदर ले गए। हम भी पीछे-पीछे गए। मैंने ईश्वर का नाम लेकर कहा कि बच्चे को सही-सलामत लेकर बाहर आना। इन्होंने दो जानें ले लीं। अगर बच्चा गोद लेकर पालना पड़ता तो भी वह ज़िंदा तो रहती, दुनिया में घूमती-फिरती रहती। उसकी जान चली गई, यह हमारा बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।
ऑपरेशन थिएटर में जाकर लापरवाही की
महिला ने आगे कहा कि ऑपरेशन थिएटर अंदर जाकर उन्होंने लापरवाही की है। 10 मिनट पहले ही तो उसे अंदर ले गए थे, इतनी जल्दी क्या हो गया? जब नब्ज़ घटने लगी, तो वे मेरे सामने ग्लूकोज और टीके लेकर गए। जब टीके लगाए, तब वह बेहोश हो गई।”
पूरा 9 महीने का समय हो चुका था। पहले स्कैनिंग वगैरह सब सही आई थी। डॉक्टर ने कहा था कि बच्चा बिल्कुल सही है, वजन ढाई किलो है, मां और बच्चे को कोई परेशानी नहीं है। बच्ची को कभी बुखार तक नहीं चढ़ा था। इनकी लापरवाही से यह सब हुआ है।
अस्पताल में कुछ नहीं बताया। बाद में जब स्थिति बिगड़ी, तो कहने लगे कि एम्बुलेंस बुलाओ और दूसरे अस्पताल ले जाओ। जब हम दूसरे अस्पताल पहुंचे, तो उन्होंने अंदर जाते ही चेक किया। थोड़ी देर बाद उन्होंने बताया कि सब खत्म हो चुका है। मां और बच्चा, दोनों जी (जान) की मौत हो चुकी है। हमें इंसाफ चाहिए।
मौत के बाद अस्पताल के बाहर हंगामा
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन भड़क गए और उन्होंने अस्पताल के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही थाना कैंट की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसके बाद एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू की।
दो डॉक्टर हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा ने बताया कि फिलहाल महिला की मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। परिजनों की शिकायत के आधार पर अस्पताल के दो डॉक्टरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









