ख़बरिस्तान नेटवर्क : ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) के पंजाब और चंडीगढ़ स्थित दफ्तरों में चल रही ED की कार्रवाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) ने मोर्चा खोल दिया है। वीरवार को बड़ी संख्या में AAP कार्यकर्ता मोहाली स्थित PUDA भवन पहुंचे और ED की कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
बैरिकेड तोड़कर भवन में घुसने की कोशिश
प्रदर्शन के दौरान कुछ AAP कार्यकर्ताओं ने PUDA भवन के बाहर लगाए गए बैरिकेड तोड़ दिए और अंदर जाने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर तैनात CRPF के जवानों ने उन्हें भवन के अंदर जाने से रोक दिया। स्थिति को देखते हुए PUDA भवन में बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
AAP की ओर से GMADA में चल रही ED की कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पार्टी ने ED की कार्रवाई को लेकर विरोध प्रदर्शन और घेराव का ऐलान किया था।
पंजाब सरकार भी पहुंची हाईकोर्ट
GMADA से जुड़ी ED की कार्रवाई के बीच पंजाब सरकार ने बुधवार देर रात पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया। सरकार ने मामले में तत्काल सुनवाई की मांग की। इसके बाद हाईकोर्ट ने ED की तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की निगरानी के लिए वारंट ऑफिसर नियुक्त किया है।
हाईकोर्ट ने वारंट ऑफिसर को किसी भी समय छापेमारी वाली जगहों का निरीक्षण करने और गुरुवार दोपहर 2 बजे तक स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक वारंट ऑफिसर ने गुरुवार तड़के GMADA कार्यालय का निरीक्षण भी किया।
ED कार्रवाई पर AAP ने लगाए राजनीतिक दबाव के आरोप
AAP ने ED की कार्रवाई को लेकर केंद्र की BJP सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। पार्टी का कहना है कि GMADA की कार्रवाई से पंजाब सरकार के कामकाज और विकास योजनाओं पर असर डालने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, ये AAP के आरोप हैं और ED की जांच के निष्कर्ष अलग से सामने आने बाकी हैं।









