जालंधर की सियासत में हलचल! बावा हेनरी के भाई गुरजीत संघेड़ा पहुंचे मेयर विनीत धीर के साथ

ख़बरिस्तान नेटवर्क : आगामी विधानसभा चुनावों से पहले जालंधर नॉर्थ सीट पर राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के हलका इंचार्ज और टिकट के प्रबल दावेदार, मेयर विनीत धीर को उस समय बड़ी मजबूती मिली जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक अवतार हेनरी के बेटे तथा मौजूदा विधायक बावा हेनरी के भाई गुरजीत संघेड़ा ने उनके साथ एक अहम बैठक की। इस मुलाकात के दौरान गुरजीत संघेड़ा ने आगामी चुनावों में मेयर विनीत धीर का खुलकर समर्थन करने का भरोसा जताया है।

हेनरी परिवार में फिर उभरी राजनीतिक दरार
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब गुरजीत संघेड़ा ने अपने परिवार के राजनीतिक रुख के विपरीत कदम उठाया हो। इससे पहले भी वे लगभग हर चुनाव में अपने पिता अवतार हेनरी और भाई बावा हेनरी के खिलाफ प्रचार करते रहे हैं तथा विपक्षी उम्मीदवारों का साथ देते आए हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी के बढ़ते प्रभाव और जालंधर नॉर्थ इलाके में मेयर विनीत धीर की जनप्रियता के बीच इस लंच मीटिंग के गहरे राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

जनता के साथ अपनों का भी विरोध झेल रहे हेनरी
हेनरी परिवार के अंदरूनी मतभेद अब पूरी तरह सतह पर आ चुके हैं। गुरजीत संघेड़ा का मेयर विनीत धीर के साथ खड़े होना यह साफ दर्शाता है कि जालंधर नॉर्थ में अवतार हेनरी और बावा हेनरी को न केवल जनता के विरोध का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि उनका अपना परिवार भी उनके खिलाफ मैदान में आ डटा है। इस नए राजनीतिक घटनाक्रम ने नार्थ इलाके में आम आदमी पार्टी की स्थिति को काफी मजबूत कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *