पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम को लेकर एक बार फिर अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग के मुताबिक आज पंजाब के सभी जिलों और चंडीगढ़ में बारिश होने की संभावना है। वहीं, 8 जिलों में कुछ जगहों पर बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फिरोजपुर, फाजिल्का और रूपनगर में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।इसके अलावा पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
वहीं, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।मौसम के साथ तापमान में भी 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है और अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। बठिंडा में सबसे ज्यादा 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिन भी मौसम खराब रहने की उम्मीद है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।हालांकि, बुधवार को भी बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन पंजाब में किसी भी स्थान पर बारिश नहीं हुई थी। अब गुरुवार सुबह जालंधर और पठानकोट में बारिश के बाद मौसम ने फिर करवट ली है। वहीं, माना जा रहा है कि इसी महीने पंजाब से मानसून की विदाई भी हो सकती है।









