लुधियाना में आज दलित समाज के बंद का असर देखने को मिल रहा है। जालंधर बाईपास चौक पर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में शहर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रखने का ऐलान किया गया है।बंद के दौरान समाज के लोगों ने जालंधर बाईपास चौक पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पहले सर्विस लेन बंद की और बाद में नेशनल हाईवे पर भी पहुंच गए। इसके चलते NH-44 पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ है।
वहीं, स्थिति को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने जालंधर बाईपास चौक पर भारी पुलिस बल तैनात किया है। मौके पर मौजूद ACP नॉर्थ किक्कर सिंह भुल्लर ने कहा कि फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण और पूरी तरह कंट्रोल में है।
प्रदर्शनकारियों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को दूध से नहलाकर अपना विरोध जताया। हाईवे पर जाम के कारण अमृतसर और जालंधर से लुधियाना, पटियाला, अंबाला और दिल्ली जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।
दरअसल, बीते दिन डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का अपमान किया गया था। घटना के बाद करीब साढ़े 3 घंटे तक माहौल तनावपूर्ण रहा। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, दलित समाज आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा हुआ है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, उनका विरोध जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन जारी है और NH-44 पर जाम के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।









