जालंधर: पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा बुधवार को ईडी दफ्तर पहुंचे। उन्हें मोहाली में CLU यानी चेंज ऑफ लैंड यूज की मंजूरियों से जुड़े दस्तावेज लेकर पेश होने के लिए समन किया गया था।अनुराग वर्मा सुबह करीब 11 बजकर 7 मिनट पर ईडी कार्यालय पहुंचे। उनके हाथ में दस्तावेजों की फाइल थी। गाड़ी से उतरने के बाद वह सीधे ईडी दफ्तर के अंदर चले गए, जहां अधिकारियों द्वारा उनसे पूछताछ की जाएगी।
यह मामला मोहाली के ‘सनटेक सिटी’ और ‘अल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड’ के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। ईडी करीब 348 करोड़ रुपये के कथित घोटाले और इससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि जब कथित अनियमितताएं हुईं, उस समय अनुराग वर्मा हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के प्रमुख थे। फिलहाल वह रेवेन्यू डिपार्टमेंट में एडिशनल चीफ सेक्रेटरी के पद पर तैनात हैं।
इससे पहले ईडी ने उन्हें 31 अगस्त को पेश होने के लिए समन भेजा था, लेकिन वह पेश नहीं हो पाए थे। इसके बाद उन्हें दोबारा समन जारी कर 7 सितंबर को बुलाया गया, लेकिन उस दिन भी वह ईडी के सामने पेश नहीं हुए।
अनुराग वर्मा ने सरकारी दस्तावेज और रिकॉर्ड जुटाने के लिए ईडी से और समय मांगा था। इसके बाद अब उन्हें 9 सितंबर को सुबह 10 बजे पेश होने के लिए कहा गया था। आज वह ईडी कार्यालय पहुंच चुके हैं और अब जांच एजेंसी उनसे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।









