ख़बरिस्तान नेटवर्क : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित घंटाघर इलाके के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। जहां बैंक की करेंसी चेस्ट से 17 करोड़ 29 लाख रुपए की भारी-भरकम नकली करेंसी बरामद हुई है। इतनी बड़ी तादाद में नकली नोट सीधे बैंकिंग सिस्टम के भीतर पाए जाने के बाद से पूरे प्रशासनिक और वित्तीय महकमे में हड़कंप मच गया है।
जांच करने पहुंची NIA की टीम
बैंकिंग सुरक्षा में लगी इस बड़ी सेंध को देखते हुए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई हैं। मामले की संवेदनशीलता और अंतरराष्ट्रीय या संगठित गिरोह के कनेक्शन की आशंका को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने खुद इसकी जांच अपने हाथ में ली है। गुरुवार रात को NIA की आठ सदस्यीय विशेष टीम सहारनपुर पहुँची और उन्होंने तुरंत अपना जांच अभियान शुरू कर दिया।
चेन को खंगाल रही टीम
NIA की टीम इस वक्त जाली नोटों के शुरुआती सोर्स से लेकर बैंक की करेंसी चेस्ट तक पहुंचने की पूरी कड़ी को सिलसिलेवार तरीके से जोड़ने में जुटी है। केंद्रीय टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इतना बड़ा जाली नोटों का स्टॉक बैंक के सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए करेंसी चेस्ट तक कैसे दाखिल हो गया।
बड़े सिंडिकेट पर जांच का फोकस
इस हाई-प्रोफाइल जांच का दायरा केवल बैंक अधिकारियों या कर्मचारियों की स्थानीय लापरवाही तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि क्या इसके पीछे कोई बड़ा राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय नकली नोट नेटवर्क काम कर रहा है। पुलिस और NIA की संयुक्त टीमें अब डिजिटल सबूतों, बैंक के पिछले रिकॉर्ड्स और संभावित संदिग्धों से पूछताछ कर इस गिरोह की जड़ों तक पहुँचने का प्रयास कर रही हैं।









