ख़बरिस्तान नेटवर्क : मोहाली के सेक्टर-80 में वीरवार एक ASI की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान ASI ओंकार सिंह के रूप में हुई है। जो रिटायर्ड डीजीपी अर्पित शुक्ला के गनमैन के तौर पर तैनात थे। पुलिस के मुताबिक यह मामला एक्सीडेंटल फायरिंग का है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अपनी ही पिस्तौल से 4-5 गोलियां लगीं हैं।
छुट्टी न मिलने के कारण परेशान थे
ASI ओंकार सिंह की पत्नी के मुताबिक वह छुट्टी न मिलने से काफी समय से परेशान चल रहे थे। कल वे छुट्टी पर थे,अचानक ही उन्हें फोन आया और वह ड्यूटी पर चले गए। सुबह हमें फोन आया कि ओंकार सिंह खड़े-खड़े गिर गए हैं और इसी दौरान गोली चलने की बात बताई गई। अगर गिरने से गोली चली होती तो एक गोली लगती, 4-5 गोलियां कैसे लग सकती हैं।
बेटा बोला- 7 से 8 फायर हुए
मृतक के बेटे यादविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने पिता का शव देखा है और घटना का वीडियो भी देखा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बंदूक नीचे गिर गई थी, जिसके बाद 7 से 8 फायर हुए। छाती पर भी गोलियां लगने के निशान हैं।
पुलिस बोली- राइफल गिरने से गोली चली
मौके पर पहुंचे अधिकारी सिमरजीत सिंह शेगरिल ने कहा कि ASI ओंकार सिंह की मौत अचानक गोली चलने से हुई है। यह एक्सीडेंटल डेथ का मामला है। वह एक सीनियर अधिकारी के साथ बतौर संतरी ड्यूटी करते थे। राइफल नीचे गिरने से गोली चल गई, जिससे उनकी मौत हुई। जब अधिकारी से परिवार की ओर से उठाए गए सवालों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि परिवार ने शव देख लिया है और अब उन्हें तसल्ली है।








