ख़बरिस्तान नेटवर्क : कपूरथला के फगवाड़ा में गांव नानक नगरी के सरपंच पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गांव में ट्रांसफॉर्मर लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने सरपंच के साथ मारपीट की और तेजधार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायल सरपंच को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है।
सरकारी जमीन पर लगाया जाना था ट्रांसफॉर्मर
सरपंच राम लुबाया ने बताया कि गांव की पंचायत की ओर से ग्रामीणों के कल्याण के लिए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। गांव में बिजली का लोड अधिक होने के कारण सरकारी जमीन पर नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाना था। बिजली विभाग की ओर से दो बार ट्रांसफॉर्मर लगाने की मंजूरी दी जा चुकी थी। दोनों बार जब विभाग के कर्मचारी ट्रांसफॉर्मर लगाने के लिए मौके पर पहुंचे तो गांव के रहने वाले मुकेश कुमार ने इसका विरोध कर दिया। विरोध के चलते बिजली विभाग के कर्मचारियों को दोनों बार वापस लौटना पड़ा।
दोबारा कर्मचारी पहुंचे तो हुआ विवाद
उन्होंने आगे बताया कि अब जब बिजली विभाग के कर्मचारी तीसरी बार ट्रांसफॉर्मर लगाने के लिए पहुंचे तो मुकेश कुमार के साथ गुरमेल उर्फ गोल्डी, जग्गा और उसकी पत्नी भी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान सभी ने हाथापाई शुरू कर दी। गोल्डी और मुकेश ने उनके साथ मारपीट की, जबकि जग्गा ने तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में सरपंच घायल हो गए। इसके अलावा जग्गे की पत्नी पर जातिसूचक शब्द कहने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस चौकी में दी शिकायत
सरपंच ने बताया कि गांव से कुछ दूरी पर ही पुलिस चौकी स्थित है। घटना के बाद उन्होंने चौकी पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को काबू कर थाने ले गई। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और इंसाफ दिलाने की मांग की है। वहीं, घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है।








