ख़बरिस्तान नेटवर्क : गुरदासपुर के गांव बब्बेहाली अड्डे में ड्यूटी पर तैनात पंजाब पुलिस के कांस्टेबल करणप्रीत सिंह और उनकी बहन पर कुछ युवकों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
छिंज मेले में ड्यूटी के दौरान हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, गांव मुस्तफा जट्टा के रहने वाले कांस्टेबल करणप्रीत सिंह की ड्यूटी बब्बेहाली में आयोजित छिंज मेले में लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि जिस समय उन पर हमला किया गया, उस समय वह पुलिस की वर्दी में ड्यूटी निभा रहे थे। घायल कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि उन्होंने गांव में नशा बेचने वाले कुछ तस्करों की जानकारी पुलिस को दी थी। उनका कहना है कि इसी रंजिश के चलते उन पर और उनकी बहन पर जानलेवा हमला किया गया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही थाना तिब्बड़ के एसएचओ हरमिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल कांस्टेबल और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। बयानों और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









