ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर जिमखाना क्लब के चुनाव में अचीवर्स ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चारों प्रमुख पदों पर कब्जा कर लिया है। चुनाव परिणाम में अचीवर्स ग्रुप ने तीन प्रमुख पदों पर निर्णायक जीत हासिल की, जबकि संयुक्त सचिव पद पर हरप्रीत सिंह ‘गोल्डी’ पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे।
सचिव पद पर अमित कुकरेजा की बड़ी जीत
सचिव पद के लिए अचीवर्स ग्रुप के अमित कुकरेजा ने शानदार जीत दर्ज की। उन्हें कुल 2,074 वोट मिले। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 1,720 वोटों के बड़े अंतर से हराया। जूनियर वाइस प्रेसिडेंट पद पर अचीवर्स ग्रुप के धीरज सेठ ने 1,549 वोट हासिल किए और 486 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर सौरभ खुल्लर ने 1,569 वोट प्राप्त कर अपने प्रतिद्वंद्वी को 508 वोटों के अंतर से मात दी।
हरप्रीत सिंह गोल्डी पहले ही निर्विरोध चुने गए
संयुक्त सचिव पद पर हरप्रीत सिंह ‘गोल्डी’ का चुनाव पहले ही निर्विरोध हो चुका था। विरोधी उम्मीदवार ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपना नाम वापस ले लिया था। इसके बाद यह पद भी अचीवर्स ग्रुप के खाते में चला गया। इस तरह चुनाव परिणाम सामने आने के बाद जालंधर जिमखाना क्लब के चारों प्रमुख पदों पर अचीवर्स ग्रुप का कब्जा हो गया।
नितिन कोहली बोले- टीम की एकजुटता की जीत
AAP के जालंधर सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली ने कहा कि अचीवर्स ग्रुप हमेशा क्लब के सदस्यों के हितों और क्लब के विकास को प्राथमिकता देता रहा है। उनके मुताबिक, टीम के सदस्य पिछले कई वर्षों से आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती के साथ काम कर रहे हैं। चारों प्रमुख पदों पर मिली जीत किसी एक उम्मीदवार की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।









