ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में 27 अगस्त को होने वाली सरकारी बसों की हड़ताल अब नहीं होगी। सरकारी बसों की यूनियन ने ट्रांसपोर्ट मंत्री हरपाल चीमा के साथ मीटिंग के बाद यह फैसला लिया है। यूनियन के प्रधान रेशम सिंह ने इसकी जानकारी दी है।
कई मुद्दों पर बनी सहमति
यूनियन के प्रधान रेशम सिंह ने कहा कि हमारी सरकार के साथ काफी अच्छी मीटिंग रही। मीटिंग में कई मुद्दों पर सहमति बनी। जिसके बाद यूनियन ने रक्षा बंधन के त्योहार को ध्यान में रखते हुए हड़ताल पर न जाने का फैसला लिया है। इसलिए कल सरकारी बसों की सेवा पर असर नहीं पड़ेगा।
6 सितंबर को होगी अगली मीटिंग
उन्होंने कहा कि मीटिंग में पिछले लंबे समय से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने का मुद्दा भी शामिल था। उन्होंने कहा कि पर्सोनल और वित्त विभाग से मंजूरी मिल चुकी है और उनके लिखित कमेंट भी आ चुके हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सर्विस रूल्स बनाकर कर्मचारियों को पक्का किया जाए। इस पर सरकार से 10 दिन का समय मांगा गया है और 6 सितंबर को अगली बैठक का समय दिया गया है।









