ख़बरिस्तान नेटवर्क : देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की वेबसाइट शुक्रवार को एक बार फिर ठप हो गई। ऑनलाइन सर्विस में आई तकनीकी गड़बड़ी के चलते कई यात्रियों को फ्लाइट बुक करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, कुछ यूजर्स ने मोबाइल ऐप में लॉगिन नहीं कर पाने की शिकायत भी की।
फ्लाइट बुकिंग पर दिखा ‘No Data Available’
इंडिगो की वेबसाइट पर फ्लाइट बुकिंग का विकल्प खोलने पर कुछ यात्रियों को ‘No Data Available’ का मैसेज दिखाई दिया। इसके कारण यूजर्स ऑनलाइन टिकट बुक नहीं कर पा रहे थे। ऐप के जरिए लॉगिन और अन्य डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने में भी कुछ यात्रियों को दिक्कत आई। यह इस हफ्ते दूसरी बार है जब इंडिगो की वेबसाइट और ऑनलाइन सेवाओं में तकनीकी समस्या सामने आई है।
इंडिगो ने जारी की सर्विस एडवाइजरी
तकनीकी समस्या के बाद एयरलाइन ने अपनी वेबसाइट पर सर्विस एडवाइजरी जारी की। इंडिगो ने बताया कि उसके सिस्टम में रुक-रुककर तकनीकी दिक्कत आ रही है, जिसके चलते कुछ ग्राहकों को ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है।
उसकी तकनीकी टीमें समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए काम कर रही हैं। यात्रियों से डिजिटल चैनल को कुछ समय बाद दोबारा इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
तुरंत मदद चाहिए तो कस्टमर सपोर्ट से करें संपर्क
इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि जिन्हें तत्काल यात्रा से जुड़ी सहायता की जरूरत है, वे कस्टमर सपोर्ट हेल्पलाइन से संपर्क करें। वहीं, जिन यात्रियों की यात्रा बाद की तारीख में है, उन्हें कुछ समय इंतजार करने और बाद में वेबसाइट या ऐप के जरिए दोबारा प्रयास करने को कहा गया है। फिलहाल एयरलाइन की टीमें ऑनलाइन सेवाओं को सामान्य करने में जुटी हैं।









