जालंधर में सरेआम नशा करते दिखे नौजवान! हरसिमरत बादल ने वीडियो शेयर कर सरकार को घेरा

जालंधर के फिल्लौर से नशे के कथित इस्तेमाल का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दो युवक कथित तौर पर नशे का इंजेक्शन लगाते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को मौके पर पकड़ लिया और उनसे पूछताछ की।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के फिल्लौर से नशे के कथित इस्तेमाल का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दो युवक कथित तौर पर नशे का इंजेक्शन लगाते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को मौके पर पकड़ लिया और उनसे पूछताछ की। इस दौरान युवकों और लोगों के बीच करीब पांच मिनट तक बहस हुई। वीडियो सामने आने के बाद पंजाब में नशे की समस्या को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

लोगों को देखकर भी युवक ने लगाया इंजेक्शन
वीडियो में एक युवक दूसरे की बाजू में सिरिंज के जरिए इंजेक्शन लगाता दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंच गए और वीडियो बनाने लगे। लोगों को देखकर भी युवक ने कथित तौर पर सिरिंज दबाकर इंजेक्शन लगा दिया और फिर उसे तेजी से निकाल लिया। दोनों युवकों के हाथों में सिरिंज दिखाई देती हैं। जब स्थानीय लोगों ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने इंजेक्शन लगा लिया है, तो युवकों ने हां में जवाब दिया। इसके बाद लोगों ने उनसे नशा करने को लेकर सवाल किए और उन्हें पुलिस के हवाले करने की बात कही।

रेलवे लिखी बाइक पर आया था एक युवक
वीडियो में दिखाई दे रहे एक युवक की बाइक पर पंजाब का रजिस्ट्रेशन नंबर बताया जा रहा है। बाइक पर नॉर्दर्न रेलवे भी लिखा हुआ था। जब लोगों ने युवक से पूछा कि क्या वह रेलवे में नौकरी करता है, तो उसने जवाब दिया कि उसका चाचा रेलवे में काम करता है। युवक ने बताया कि उसे एक काले रंग का व्यक्ति मिला था, जिसने उससे पूछा कि क्या उसे चिट्टा चाहिए। युवक के मुताबिक, हामी भरने पर वह व्यक्ति उसे चिट्टा देकर तेजी से वहां से निकल गया। हालांकि, वीडियो में किए गए इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों ने इलाके में नशे की समस्या पर जताई चिंता
वीडियो बनाने वाले लोगों का दावा है कि इससे कुछ समय पहले भी वे दो युवकों को वहां से भगा चुके हैं। स्थानीय लोगों ने फिल्लौर, जालंधर और आसपास के इलाकों में नशे की समस्या पर चिंता जताई। उनका आरोप है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार बढ़ रहा है और पुलिस की ओर से इस पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। वीडियो में पकड़े गए दोनों युवक लोगों से माफी मांगते और उन्हें थाने न ले जाने की गुहार लगाते दिखाई देते हैं। आखिर में वे अपनी मां की कसम खाते हुए दोबारा इलाके में नहीं आने का वादा करते हैं।

हरसिमरत कौर बादल ने भगवंत मान सरकार को घेरा
बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया और पंजाब सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नशे के कारण राज्य के युवा बर्बाद हो रहे हैं, जबकि सरकार इस समस्या पर आंखें मूंदकर बैठी है।हरसिमरत बादल ने सरकार से खोखले दावों के बजाय ठोस कार्रवाई करने और जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त पंजाब युवाओं का अधिकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *