ख़बरिस्तान नेटवर्क : सब्जी एवं फ्रूट मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान सरदार गुरप्रीत सिंह गोल्डी खालसा की अगुवाई में मंडी की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों में सुधार देखने को मिल रहा है। पार्किंग व्यवस्था बेहतर करने, ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंडी गेट पर जाम भी नहीं लगेगा
पार्किंग व्यवस्था संभाल रहे ठेकेदार ने कर्मचारियों को ड्यूटी ड्रेस और रिफ्लेक्टिव जैकेट उपलब्ध करवाई हैं। इससे कर्मचारी आसानी से पहचाने जा सकेंगे और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।
मंडी गेट पर लगने वाले जाम को कम करने के लिए अब पार्किंग कर्मचारी गेट से करीब 150 फीट दूर खड़े होकर पार्किंग की पर्चियां काटेंगे। इससे गेट के सामने वाहनों की भीड़ कम होगी और लोगों को आने-जाने में परेशानी नहीं होगी।
20 साल में पहली बार ऐसा बदलाव: डिंपी सचदेवा
वरिष्ठ आढ़ती डिंपी सचदेवा ने कहा कि करीब 20 सालों में पहली बार मंडी की व्यवस्थाओं में इस तरह के बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोल्डी खालसा की अगुवाई में मंडी की समस्याओं को समझकर उन्हें व्यवस्थित तरीके से हल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उठाए जा रहे हैं कदम
मार्केट कमेटी की ओर से मंडी में साफ-सफाई के कार्यों में भी तेजी लाई गई है। मार्केट कमेटी के सचिव दलबीर सिंह ने कहा कि मंडी की सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। कर्मचारियों को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडी में बदलाव से आढ़तियों में खुशी
मंडी की व्यवस्थाओं में हो रहे बदलावों से आढ़तियों में भी खुशी है। उनका कहना है कि यदि इसी तरह सुधार और विकास कार्य लगातार जारी रहे तो मंडी को और अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया जा सकता है।









