जालंधर में Bikaner Sweets and Baker की दुकान का शटर उखाड़कर चोरी, 90 हजार कैश और DVR ले गए चोर

Theft at Bikaner Sweets and Baker in Jalandhar: Thieves rip off the shop's shutter and make off with ₹90,000 in cash and the DVR.

जालंधर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला थाना नंबर 7 के तहत गढ़ा रोड का है, जहां Bikaner Sweets and Baker की दुकान को देर रात चोरों ने निशाना बनाया।चोर दुकान का शटर उखाड़कर अंदर दाखिल हुए और तिजोरी से नकदी और DVR चोरी कर फरार हो गए। दुकानदार को वारदात का पता सुबह दुकान खोलने के दौरान चला।

पीड़ित दुकानदार गणेश ने बताया कि सुबह जब उनके भाई ने दुकान खोली तो शटर टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर तिजोरी से नकदी और DVR गायब मिले।

दुकानदार के मुताबिक, वह दोनों भाई रात करीब 11 बजे दुकान बंद करके घर गए थे। उन्होंने बताया कि चोर करीब 90 से 92 हजार रुपये की नकदी और DVR लेकर फरार हुए हैं।घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकानदार से दुकान को न छेड़ने की अपील की, ताकि फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत जुटाए जा सकें।

जांच अधिकारी ASI बलविंदर पाल ने बताया कि पुलिस को दुकान में चोरी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर शटर उखड़ा हुआ मिला। फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। दुकानदार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *