जालंधर में 72 लाख की लूट का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; इन्होंने ने रची साजिश

₹72 lakh robbery in Jalandhar solved, 3 accused arrested

जालंधर के सूर्या एनक्लेव एक्सटेंशन के पास 120 फीट रोड पर सोमवार रात लोहा व्यापारी से 72 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। कार सवार पांच लुटेरों ने 60 साल के व्यापारी ललित मित्तल की कार को घेरकर उन पर हमला किया और कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

घटना रात करीब 7:50 बजे की बताई जा रही है। ललित मित्तल अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक सफेद रंग की कार के पीछा करने का शक हुआ।120 फीट रोड पर पहुंचने के बाद उन्होंने अपनी कार की रफ्तार बढ़ाई, लेकिन पीछा कर रही कार ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी के आगे रास्ता रोक दिया। आरोपियों ने उनकी कार को टक्कर मारकर उन्हें घेर लिया।

72 लाख रुपये से भरा बैग लेकर हुए थे फरार

इसके बाद बदमाशों ने लोहे की रॉड से कार के शीशे तोड़ दिए और व्यापारी के माथे पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। हमलावर कार में रखा 72 लाख रुपये कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।

सूत्रों के अनुसार, वारदात की साजिश में एक लड़की और व्यापारी के पूर्व ड्राइवर शनी शामिल होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि व्यापारी ने कुछ महीने पहले लड़की को अपनी दुकान पर काम पर रखा था। आरोप है कि उसने पूर्व ड्राइवर के साथ मिलकर व्यापारी की रेकी की और कैश ले जाने की जानकारी आरोपियों तक पहुंचाई।

वारदात के बाद आरोपी हिमाचल प्रदेश की ओर फरार हो गए थे। हालांकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में गिरफ्तार आरोपियों, साजिश और कैश की बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी दे सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *