हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शिमला, सोलन, सिरमौर और मंडी में बीती शाम से रात तक जमकर बारिश हुई। बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं।
ऊना जिले के बंगाणा सब-डिवीजन में खराब मौसम और हालात को देखते हुए आज सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। बंगाणा क्षेत्र में डुमखर खड्ड भी उफान पर है।
कांगड़ा में नक्की खड्ड का जलस्तर बढ़ने से तेज बहाव में एक गाड़ी कुछ दूरी तक बह गई। हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
लैंडस्लाइड में 3 मजदूर दबे
सिरमौर जिले के बागनाधार के कमरऊ में मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे लैंडस्लाइड हुई। इसकी चपेट में दो ट्रक और एक टिप्पर आ गए। इस दौरान चूना पत्थर की खदान में काम कर रहे तीन मजदूर मलबे में दब गए।
पहाड़ी से लगातार बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरने के कारण मंगलवार देर शाम तक राहत-बचाव कार्य शुरू नहीं हो सका। बुधवार सुबह रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। समय बीतने के साथ मजदूरों के सुरक्षित बचने की उम्मीद कम होती जा रही है।
350 से ज्यादा सड़कें बंद
पिछले करीब 15 घंटों में हुई भारी बारिश से प्रदेश में कई जगह हालात बिगड़ गए हैं। राज्य में 350 से ज्यादा सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गई हैं। शिमला शहर में जगह-जगह पेड़ और पहाड़ी गिरने से 5 से ज्यादा वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
सोलन के परवाणू और कसौली, शिमला शहर, मंडी के धर्मपुर और सिरमौर में भी भारी बारिश का असर देखने को मिला। कई निचले इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। परवाणू में हिमफेड के बॉटलिंग प्लांट में भी पानी भर गया।
7 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों तक हिमाचल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। आज हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
20 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी, जबकि 21 अगस्त को कांगड़ा और मंडी में येलो अलर्ट रहेगा। 22 अगस्त को कुछ इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं।मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त से मानसून कमजोर पड़ने की संभावना है और इसके बाद प्रदेश में मौसम साफ होने के साथ धूप निकल सकती है।









