चंडीगढ़ और मोहाली में मंगलवार सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 18 और 19 अगस्त को पंजाब के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। चंडीगढ़ में भी आज बारिश होने की चेतावनी है।
पिछले 24 घंटों में पंजाब के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक दर्ज की गई। बारिश के कारण राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। फिरोजपुर 35.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।
18-19 अगस्त को बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 18 अगस्त को पंजाब और चंडीगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। 19 अगस्त को पंजाब में भारी बारिश की संभावना है, जबकि चंडीगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
20 से 23 अगस्त के बीच मौसम में कुछ राहत मिलने की संभावना है, हालांकि कई जगह बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे।
फतेहगढ़ साहिब में सबसे ज्यादा 37 MM बारिश
पिछले 24 घंटों में फतेहगढ़ साहिब में सबसे ज्यादा 37 MM बारिश दर्ज की गई। पटियाला के रौणी में 20.5 MM, एसबीएस नगर के बल्लोवाल में 13.6 MM, मोहाली में 12 MM, पटियाला में 5.5 MM और चंडीगढ़ में 1.5 MM बारिश हुई।
चंडीगढ़-मोहाली में 33-34 डिग्री रहेगा तापमान
चंडीगढ़ और मोहाली में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 20 और 21 अगस्त को तापमान 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस दौरान बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी









