पंजाब में आज भी थमे रहेंगे 2200 बसों के पहिए, PRTC-पनबस कर्मचारियों की हड़ताल जारी

Wheels of 2,200 buses in Punjab to remain at a standstill today; PRTC-Punbus employees' strike continues.

पंजाब के लोगों को आज भी सफर में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। PRTC और PUNBUS के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी हड़ताल पर हैं, जिसके चलते बड़ी संख्या में सरकारी बसों के पहिए थमे हुए हैं। सड़कों पर केवल नाममात्र की बसें ही चल रही हैं।

मुलाजिम एसोसिएशन ने फैसला किया है कि सभी जिलों के कर्मचारी आज मोहाली के फेज-6 बस स्टैंड पर एकत्रित होंगे। यहां कर्मचारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। इसके बाद दोपहर में कर्मचारी मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करेंगे। प्रदर्शन को देखते हुए मोहाली और चंडीगढ़ पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है।

2,200 से ज्यादा बसें रहीं बंद

कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सोमवार को पंजाब में 2,200 से ज्यादा सरकारी बसें सड़कों पर नहीं उतरीं। इससे करीब 1,000 से 1,100 बस रूट प्रभावित हुए। कर्मचारियों का कहना है कि एक दिन की हड़ताल से करीब 4 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

बस सेवा प्रभावित होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। खासकर महिलाओं को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा, क्योंकि वे सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ उठाती हैं। विभाग के मुताबिक, उसके राजस्व का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं की मुफ्त यात्रा के बदले सरकार से मिलने वाली सब्सिडी से आता है। बसें नहीं चलने से विभाग को इस राशि का भी नुकसान होगा।

सफर के लिए प्राइवेट या दूसरे राज्यों की बसों का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन किराया पहले जरूर पूछ लें।
पंजाब रोडवेज की नियमित कर्मचारियों वाली बसों की उपलब्धता बस स्टैंड या हेल्प डेस्क से पता करें।
लंबी दूरी के सफर के लिए ट्रेन का विकल्प बेहतर हो सकता है।
कैब या टैक्सी शेयर करके यात्रा का खर्च कम किया जा सकता है।
शहर के भीतर सफर के लिए ऑटो या ई-रिक्शा का इस्तेमाल करें।
बसों की संख्या कम होने के कारण भीड़ और इंतजार बढ़ सकता है, इसलिए घर से समय से पहले निकलें।
चंडीगढ़ से सफर करने वाले यात्री CTU, हरियाणा रोडवेज और PRTC के कंट्रोल रूम से बसों की उपलब्धता की जानकारी लेकर ही निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *