राजस्थान में भीषण हादसा : एक्सप्रेसवे से 15 फीट नीचे गिरा टेंपो ट्रैवलर, 8 की मौत

राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गिर गया। इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भोपाल से खाटूश्यामजी जा रहा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गिर गया। इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए सभी लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

सुबह 6 बजे हुआ हादसा, 15 फीट नीचे गिरा वाहन
पुलिस के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे कोटा जिले के सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ। टेंपो ट्रैवलर भोपाल से खाटूश्यामजी की ओर जा रहा था। इसी दौरान कराड़िया टोल से कुछ किलोमीटर दूर वाहन पुलिया से नीचे जा गिरा। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसके अंदर फंस गए।

अंधेरे में रेस्क्यू ऑपरेशन, सीटों के बीच फंसे मिले शव
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सुबह अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य शुरू करने में कुछ देरी हुई। कई मृतकों के शव सीटों के बीच बुरी तरह फंसे हुए थे, जिन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, घायल यात्रियों को निकालने के लिए वाहन की खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने सभी प्रभावित यात्रियों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया।

भोपाल से खाटूश्यामजी के लिए निकला था परिवार
पुलिस के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में सवार सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे और मध्य प्रदेश के बैतूल के निवासी थे। परिवार शुक्रवार शाम करीब 7 बजे भोपाल से राजस्थान के धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए रवाना हुआ था। बताया गया है कि सभी लोग चार दिन के राजस्थान दौरे पर आए थे और यात्रा के पहले दिन खाटूश्यामजी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *