ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर रेल यातायात प्रभावित हुआ है। दिल्ली में आज सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों पर पहुंचने वाली 250 से ज्यादा मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, जालंधर से दिल्ली जाने वाली 47 ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं।
हालांकि, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को रद्द नहीं किया गया है। ऐसे में दिल्ली जाने की योजना बना रहे यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक करना चाहिए, ताकि रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद परेशानी का सामना न करना पड़े।
अमृतसर, कालका और जम्मू तवी से चलने वाली ये ट्रेनें रद्द
रद्द की गई ट्रेनों में अमृतसर से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 12014, कालका से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 12006 और जम्मू तवी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 12426 शामिल हैं। इसके अलावा कटरा से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 12446, 22462 और 04082 भी रद्द रहेंगी। वहीं, श्रीगंगानगर से तिलक ब्रिज जाने वाली ट्रेन संख्या 14727 और सिरसा से तिलक ब्रिज जाने वाली ट्रेन संख्या 15308 को भी रद्द किए जाने की जानकारी दी गई है।
देश के दूसरे हिस्सों से दिल्ली आने वाली ट्रेनें भी प्रभावित
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर देश के विभिन्न हिस्सों से नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई अन्य मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी रद्द की गई हैं। इससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर असर पड़ सकता है। जालंधर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ट्रेन रद्द होने की स्थिति में स्टेशन पहुंचने से पहले वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था पर भी विचार कर लें।
ट्रेन पकड़ने से पहले ऐसे चेक करें स्टेटस
रेलवे स्टेशन के लिए घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि जरूर करें। इसके लिए यात्री नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) की वेबसाइट या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करके भी ट्रेन से जुड़ी जानकारी ली जा सकती है। ध्यान रखें कि किसी ट्रेन के रद्द होने, समय में बदलाव या संचालन संबंधी अपडेट की पुष्टि आधिकारिक रेलवे स्रोत से करना सबसे जरूरी है।









