ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर शहर के बस्ती बावा खेल इलाके में दिनदहाड़े किडनैपिंग का मामला सामने आया है। लैदर कॉम्पलैक्स के पास वाली गली में खेल रहे 4 साल के मासूम बच्चे को एक्टिवा सवार दो अज्ञात युवक जबरन उठाकर फरार हो गए। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भारी संख्या में एकत्रित हो गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
गली में खेलते समय दोपहर पौने दो बजे हुई वारदात
पीड़ित मां शानू ने आपबीती बताते हुए कहा कि उनका 4 वर्षीय बेटा कुंज दोपहर के समय घर के बाहर गली में खेल रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 1:45 बजे एक्टिवा पर दो अज्ञात नौजवान आए और अचानक बच्चे को उठाकर तेजी से भाग निकले। पास ही खेल रहे एक अन्य बच्चे कृष ने भी परिजनों को बताया कि एक्टिवा सवार दो युवक उसके दोस्त कुंज को उठाकर ले गए हैं।
इलाके में फैली दहशत, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
दिनदहाड़े हुई इस किडनैपिंग की घटना से पूरे इलाके के लोग सहमे हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी ने बताया कि शुरुआती सीसीटीवी फुटेज में धुंधलापन होने के कारण सब कुछ स्पष्ट नहीं दिख रहा है, इसलिए आसपास की अन्य दुकानों और मकानों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाकर बच्चे को सकुशल बरामद किया जा सके।









