ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में 15 साल के बच्चे की स्विमिंग पूल के किनारे बैठे-बैठे ही मौत हो गई। बच्चे की पहचान वंश के रूप में हुई है। इस घटना 29 अगस्त की बताई जा रही है और इसीक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि बच्चे को पहले से ही हार्ट की समस्या थी।
पूल से नहाकर निकला तो असहज महसूस किया
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि वंश ने पूल में 2 बार डुबकी लगाई। इसके बाद वह किनारे पर आकर बैठ गया और अपने दोस्त के साथ बातचीत करने लग गया। इसके बाद अचानक ही वंश को थोड़ा असहज महसूस हुआ और वह हाथ ऊपर करके अंगड़ाई लेने लग गया। जिसके बाद वह चलने लगा।
चलने के बाद लड़खड़ाने लगता है वंश
फुटेज में आगे देखा जा सकता है कि जैसे ही वंश चलने लगता है तो वह थोड़ा लड़खड़ाने लगा। इसके बाद वह पीछे मुड़ता है और अपने दोस्त के पास जाकर दीवार से सिर लगाकर आंखे बंद कर लेता है। इसी बीच वंश बेहोश होकर गिरने लगा तो उसके दोस्त ने सहारा देकर संभाला। करीब 10-15 सेकेंड तक वो उसे संभालने की कोशिश करता रहा।
वंश के गिरने पर दोस्तों ने मचाया शोर
वंश जब पूरी तरह से बेहोश होकर गिरा तो उसके दोस्त के हाथ से छूट गया और नीचे गिर गया। फिर दोस्त ने हल्ला करके सभी को बुलाया। दूसरे बच्चे भी वहां पहुंचे और उसे हिलाकर आवाज लगाने लगे। बाकी बच्चों में से किसी ने उसके पैर मले तो किसी ने उसे सीपीआर देने की कोशिश की। लेकिन तब तक वो मर चुका था। इसी बीच उन्होंने स्विमिंग पूल के गार्ड को बुलाया।
हार्ट की दिक्कत थी, अक्सर जाता था स्विमिंग पूल
वंश के परिजनों ने बताया कि वह अक्सर की दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल नहाने के लिए जाया करता था। उसे पहले हार्ट की दिक्कत थी जो काफी हद तक ठीक हो गई थी। इसलिए हम भी उसे ज्यादा रोकते नहीं थे और उसे खुश रखने की कोशिश करते थे। 29 अगस्त को भी वह अपने दोस्तों के साथ स्विमिंग पूल नहाने के लिए गया था।









