जालंधर जिले में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। नई सूची के मुताबिक, जिले में अब कुल 15 लाख 25 हजार 450 वोटर रह गए हैं।
विधानसभा चुनाव 2022 के मुकाबले जिले में 1 लाख 41 हजार 767 वोट कम हुए हैं, जबकि 2024 के मुकाबले करीब 1.28 लाख वोट कटे हैं।सबसे ज्यादा 26,358 वोट जालंधर सेंट्रल विधानसभा हलके में कटे हैं, जबकि सबसे कम 7,419 वोट करतारपुर हलके में कटे हैं। जांच के दौरान रेलवे क्वार्टरों के खंडहरों में दर्ज 5 हजार से ज्यादा वोट भी सूची से हटाए गए। वहीं, जालंधर सेंट्रल में एक घर पर 125 से ज्यादा वोटर दर्ज होने का मामला भी सामने आया था। विरोधी पार्टियों की आपत्ति के बाद इन नामों को सूची से बाहर किया गया।
फाइनल वोटर लिस्ट में कितने वोटर?
नई सूची में 7,78,194 पुरुष, 7,47,203 महिलाएं और 53 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं।
वोटर लिस्ट में ऐसे चेक करें अपना नाम
जालंधर के निवासी अपनी वोटर लिस्ट में नाम मुख्य चुनाव अधिकारी पंजाब की वेबसाइट www.ceopunjab.gov.in और जिला प्रशासन की वेबसाइट jalandhar.nic.in पर देख सकते हैं। इसके अलावा जिला चुनाव कार्यालय, विधानसभा चुनाव कार्यालय या अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क करके भी नाम की जांच कर सकते हैं।








