जालंधर: गढ़ा के वाल्मीकि मोहल्ले में गुरुवार को एक युवक पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले युवक को गली में घेरकर लात-घूंसों से पीटा और बाद में एक युवक किरपाण लेकर पहुंचा और उस पर वार करने लगा। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
कुत्ता हमलावर पर झपटा, युवक की बची जान
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि युवक को अकेला देखकर कई युवक उसे घेर लेते हैं और मारपीट शुरू कर देते हैं। इसी दौरान एक हमलावर किरपाण लेकर वापस आता है और युवक पर हमला करने लगता है।
हमला होते देख पास मौजूद एक कुत्ता अचानक हमलावर पर झपट पड़ा। कुत्ते के लगातार भौंकने से आरोपी पीछे हटने लगा। इसके बाद वह किरपाण लहराते हुए मौके से भाग गया। कुत्ते के बीच में आने से युवक की जान बच गई।
घायल युवक अस्पताल में भर्ती
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने CCTV के आधार पर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। एडीसीपी माध्वी शर्मा के अनुसार, पुलिस ने BNS की धारा 108 समेत अन्य धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है।









