ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने 2 ग्रेनेड के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नवजोत सिंह उर्फ नव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कनाडा में PR है और 12 सितंबर को ही वापिस लौटा था। उस पर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों के संपर्क में होने और ड्रोन के जरिए ग्रेनेड मंगवाने का आरोप है।
बिना नंबर की स्कूटी से फरीदकोट आ रहा था
काउंटर इंटेलिजेंस की टीम वीरवार रात फरीदकोट में गश्त और संदिग्धों की जांच कर रही थी। नेहरू स्टेडियम के पास टीम को नवजोत के बारे में सूचना मिली। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। आरोपी बिना नंबर की स्कूटी पर फिरोजपुर से फरीदकोट की तरफ आ रहा था।
जांच करने पर स्कूटी से 2 ग्रेनेड बरामद
पुलिस के मुताबिक, नवजोत को रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से 2 ग्रेनेड मिले। पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ये ग्रेनेड कहां से आए और इन्हें किसके कहने पर मंगवाया गया था। मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, फाजिल्का में केस दर्ज किया गया है।









