ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में लगता है अपराधियों के मन से पुलिस का डर पूरी तरह से खत्म हो गया है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि जालंधर-पठानकोट रोड पर गांव राउवाली में देर रात एक-दो नहीं बल्कि 7 लुटेरों ने एक नहीं बल्कि दो घरों को अपना निशाना बनाया। हालांकि पहले घर में वह लूट की कोशिश करने में नाकाम रहे, पर दूसरे घर में लुटेरों ने महिला को घर में बंधी बनाकर 5 लाख कैश और 22 तोले सोना लेकर फरार हो गए।
देर रात 1 बजे की है घटना
इस घटना को लेकर एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें रात करीब 1 बजे 7 लुटेरे दिखाई दे रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि हाथों में लाठियां लेकर लुटेरे घर में घुसने की कोशिश करते है। जिसके बाद वह दीवार फांदने की कोशिश करते है और शोर मचाने पर वहां से फरार हो जाते है।
अलमारी से गहने व कैश लेकर हुए फरार
पहली कोशिश नाकाम होने के बाद लुटेरे पास की दूसरी कोठी में पहुंचे। यहां उन्होंने दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचे। घर में मौजूद महिला को बंधक बनाने के बाद आरोपी कमरों की तलाशी लेने लगे। इसके बाद अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे गहने व कैश निकाल लिए। लुटेरे करीब 22 तोले सोने के गहने और 5 लाख रुपए कैश ले गए।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना का जानकारी मिलने के बाद थाना मकसूदां पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के बयान दर्ज किए। पुलिस ने CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पहली कोठी में घुसने की कोशिश और दूसरी कोठी में हुई लूट के बीच संबंध की भी जांच की जा रही है।









