नई दिल्ली: आज गणेश उत्सव का अंतिम दिन है। अनंत चतुर्दशी के मौके पर देशभर में श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमाओं का नदियों, तालाबों, झीलों और बनाए गए कृत्रिम विसर्जन कुंडों में विसर्जन कर रहे हैं। जगह-जगह गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच विसर्जन जुलूस निकाले जा रहे हैं।
25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
मुंबई में सुरक्षा के लिए 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए शहर में 383 कृत्रिम विसर्जन कुंड बनाए गए हैं। BMC के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में मुंबई में 1.63 लाख से ज्यादा गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है।
वहीं, हैदराबाद में भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। यहां करीब 25 से 30 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था संभालेंगे। निगरानी के लिए 24 ड्रोन और करीब 10 हजार CCTV कैमरे लगाए गए हैं। हुसैन सागर के आसपास अतिरिक्त कैमरों के साथ क्रेन, इमरजेंसी बोट, गोताखोर और मेडिकल पोस्ट भी तैनात किए गए हैं।
खैरताबाद गणेश प्रतिमा का विसर्जन जुलूस भी शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुलूस में शामिल हुए हैं। प्रशासन ने भीड़ के बीच लोगों से सतर्क रहने और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
इस बीच, महाराष्ट्र के लातूर में तेज आवाज में DJ बजाने पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गणेश उत्सव के दौरान शोर-प्रदूषण नियमों का उल्लंघन करने पर यह कार्रवाई की गई।









