ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब के जलालाबाद में 4 से 5 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद स्कूलों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद मैनेजमैंट ने एहतियातन के तौर पर स्कूल खाली करवा दिए हैं और बच्चों की छुट्टी कर दी। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ।
सुबह करीब साढ़े 11 बजे आया था थ्रेट मेल
स्कूल की तरफ से बताया कि आज स्कूल को बम ब्लास्ट की धमकी भरा मेल मिला है। करीब साढ़े 11 बजे मेल मिली है, जिसमें स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके बाद स्कूल में छुट्टी कर दी गई। सभी पेरेंट्स को फोन कर अपने बच्चों को स्कूल से ले जाने के लिए कहा गया है। जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
पुलिस ने इलाके में बढ़ाई सुरक्षा
मामले पर SHO मोहित धवन ने बताया कि जलालाबाद के चार से पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद एंटी सैबोटेज टीम को भी बुला लिया गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साइबर सेल की टीम भी जांच में जुटी है कि मेल कहां से आई है। घटना के बाद स्कूलों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधिया जानकारी के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सर्च अभियान जारी है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की वास्तविक स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।









