एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में धुएं का अलर्ट, 155 यात्रियों की अटकी सांसें!

एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में धुएं का अलर्ट, 155 यात्रियों की अटकी सांसें!

ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिल्ली से वाराणसी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को तकनीकी गड़बड़ी के चलते अचानक लखनऊ की तरफ डायवर्ट करना पड़ा। उड़ान के दौरान विमान के पिछले कार्गो हिस्से में अचानक धुआं होने का अलार्म बज गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और एहतियातन लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग कराने का फैसला किया।

लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग
हवाई अड्डे के प्रवक्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX 1253 से धुएं का संकेत मिलने का संदेश मिला था। इसके बाद सुबह ठीक 08:52 बजे विमान ने लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के तुरंत बाद एक्टिव हुई इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने जब विमान की गहन जांच की, तो राहत की बात यह रही कि कहीं भी धुआं या आग का कोई निशान नहीं मिला।

सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित
सुरक्षित लैंडिंग के बाद विमान को एयरपोर्ट के बे-स्टैंड पर खड़ा कराया गया और सुबह 09:02 बजे से यात्रियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी 155 यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह से सुरक्षित हैं। फिलहाल एयरलाइन की तकनीकी टीम विमान की गहन जांच कर रही है ताकि अलार्म बजने की असली वजह का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *