‘CBI जांच सिर्फ ट्रेलर, बाकी फिल्म अभी बाकी’, जालंधर में शीतल अंगुराल का AAP पर निशाना

जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से 'सेवा ज्योति यात्रा' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा की स्थानीय लीडरशिप और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा की स्थानीय लीडरशिप और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा देशभर में प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को लेकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

इस दौरान भाजपा के पूर्व विधायक शीतल अंगुराल ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने नशे, अपराध, भ्रष्टाचार और कथित ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर सरकार पर कई आरोप लगाए।

‘विकसित भारत’ के साथ पंजाब को आगे ले जाने का दावा
शीतल अंगुराल ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए लगातार काम करेंगे और पंजाब को भी विकसित भारत का मजबूत हिस्सा बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

‘रंगला पंजाब नहीं, कंगला पंजाब बना दिया’
शीतल अंगुराल ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे को लेकर AAP सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे, अपराध, भ्रष्टाचार और बढ़ते कर्ज के कारण स्थिति खराब हुई है। पंजाब को ‘रंगला पंजाब’ की जगह ‘कंगला पंजाब’ बना दिया गया है।

नशे के खिलाफ अभियान चलाने की बात
अंगुराल ने कहा कि पंजाब में नशे के खिलाफ भाजपा की ओर से ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के कारण जिन परिवारों ने अपने जवान बेटों को खोया है, उनकी आवाज उठाई जाएगी।पंजाब को नशे से बचाने के लिए भाजपा आने वाले समय में इस मुद्दे को लेकर सरकार पर दबाव बनाएगी।

CBI जांच पर बोले- ‘यह सिर्फ ट्रेलर है’
पंजाब के CM ऑफिस से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में चल रही CBI जांच को लेकर भी शीतल अंगुराल ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद CBI जांच शुरू हुई है। इससे पहले ED की ओर से पंजाब के DGP को कई बार पत्र भेजे गए थे, लेकिन पंजाब पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। CBI की मौजूदा कार्रवाई को अंतिम कार्रवाई नहीं माना जाना चाहिए। ‘यह सिर्फ ट्रेलर है, बाकी फिल्म अभी बाकी है।’

अधिकारियों पर भी लगाए गंभीर आरोप
शीतल अंगुराल ने आरोप लगाया कि पंजाब में अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग और सरकारी कामकाज में प्रभावशाली लोगों का दखल रहा है। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों ने कथित तौर पर नियमों के खिलाफ काम किया या किसी राजनीतिक दबाव में फैसले लिए, उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। भ्रष्टाचार के मामले में किसी भी व्यक्ति को उसके पद या प्रभाव के आधार पर राहत नहीं मिलनी चाहिए।

बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर हमला
अंगुराल ने पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंचों, व्यापारियों और आम लोगों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है और व्यापारियों से फिरौती मांगने के मामले सामने आ रहे हैं। असुरक्षा के माहौल के कारण कुछ लोग पंजाब से बाहर जाने के बारे में सोच रहे हैं।

‘भाजपा पंजाब को दोबारा रंगला बनाने के लिए लड़ेगी’
शीतल अंगुराल ने कहा कि भाजपा नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी आने वाले समय में पंजाब को दोबारा ‘रंगला पंजाब’ बनाने के मुद्दे के साथ जनता के बीच जाएगी। भाजपा पंजाब के लोगों का विश्वास जीतने और राज्य की राजनीति में बदलाव के लिए लगातार काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *