पंजाब में बारिश के आसार, 14 से 18 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट

Rain likely in Punjab.

पंजाब और चंडीगढ़ में इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार 14 से 18 अगस्त तक पंजाब के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

हालांकि, 13 अगस्त को राज्य में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन लगभग सभी जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है। पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और पटियाला में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में छिटपुट बारिश के आसार हैं।

बुधवार को बारिश नहीं होने के कारण पंजाब के औसत तापमान में 4.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। भाखड़ा में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पठानकोट का तापमान एक दिन में 9.8 डिग्री और चंडीगढ़ का 7 डिग्री बढ़ा।
मानसून सीजन की बात करें तो पंजाब में अब तक 195.1 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से करीब 32 फीसदी कम है।

बारिश बढ़ने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है और अगले 12 घंटों में इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, जिससे पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम पर असर पड़ सकता है।

इसके अलावा दक्षिण हरियाणा के ऊपर भी एक मौसम सिस्टम सक्रिय है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ भी बना हुआ है। इन सभी सिस्टम के प्रभाव से 14 से 18 अगस्त के बीच पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। कई इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *