ख़बरिस्तान नेटवर्क : लुधियाना में 3 महीने की प्रेग्नेंट महिला की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई है। मृतका की पहचान 25 साल की हरप्रीत कौर के रूप में हुई है। महिला के परिजनों ने कबड्डी खिलाड़ी पति जसप्रीत पर हत्या के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जसप्रीत ने उनकी बेटी की हत्या की है और बाद में इसे सुसाइड का रूप देने की कोशिश की है।
पति से लड़ाई के बाद घर आई थी हरप्रीत
जानकारी के मुताबिक हरप्रीत कौर ने साल 2025 में गांव बुर्ज लिट्टा के जसप्रीत सिंह के साथ शादी की। जसप्रीत पंजाब लेवल का कबड्डी प्लेयर है। हरप्रीत पिछले कुछ समय से घरेलू झगड़ों के लेकर परेशान रहती थी। जसप्रीत उसे दहेज और पैसे के लिए मारता रहता था। इसी कारण वह अपने घर वापिस लौट गई थी।
एक दिन पहले ही मना कर घर ले गया था जसप्रीत
परिजनों के मुताबिक जसप्रीत एक दिन पहले ही हरप्रीत को मायके से अपने साथ वापिस ले गया। इसके बाद सोमवार रात उसने नशे में आकर पत्नी को पीटा। फिर उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद रात 2 बजे हमें कर फोन कर कहा कि हरप्रीत की तबीयत सीरियस है।
मंजे पर पड़ी मिली थी लाश
जब हम पहुंचे तो हरप्रीत मंजे पर पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान थे और पैर का अंगूठा भी टूटा हुआ था। हरप्रीत तीन महीने की प्रेग्नेंट थी। घटना से एक दिन पहले वह अस्पताल से स्कैनिंग करवाकर आई थी और उसने इस बारे में अपनी मां को बताया था।
शिकायत के बाद पति और दादा ससुर गिरफ्तार
परिजनों ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और दादा ससुर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।









