पंजाब कांग्रेस में पोस्टर वॉर तेज, मोगा में ‘चन्नी लाओ, पंजाब बचाओ’ तो अमृतसर में ‘चन्नी को बाहर करो’ के लगे पोस्टर

'Poster war' intensifies within Punjab Congress: 'Bring Channi, Save Punjab' posters appear in Moga

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आती नजर आ रही है। मोगा में जहां राजनीतिक पोस्टरों के जरिए ‘राजा-बघेल हटाओ, पंजाब कांग्रेस बचाओ’ और ‘चन्नी लाओ, पंजाब बचाओ’ के नारे लगाए गए हैं, वहीं अमृतसर में पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं।

मोगा में लगाए गए पोस्टरों के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ये पोस्टर किस व्यक्ति या संगठन ने लगाए हैं। किसी भी राजनीतिक दल या नेता ने इनकी जिम्मेदारी नहीं ली है।

अमृतसर में चन्नी के खिलाफ पोस्टर

पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच अमृतसर में भी चन्नी के खिलाफ पोस्टर सामने आए हैं। इन पोस्टरों में उन्हें कांग्रेस से बाहर करने की मांग की गई है।

एक पोस्टर पर लिखा है, “घर-घर दे विच चली गल, चन्नी चल्या भाजपा वल।” वहीं दूसरे पोस्टर में राहुल गांधी से अपील करते हुए लिखा गया है, “राहुल गांधी से कांग्रेसियों की एक ही पुकार, चन्नी को कांग्रेस से करो बाहर।”

तीसरे पोस्टर पर लिखा गया है, “चन्नी जी, आपने भाजपा की क्यों मानी जी? सामने आओ चन्नी जी।”

इन पोस्टरों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, पोस्टर लगाने वालों की पहचान अभी सामने नहीं आई है और कांग्रेस की ओर से भी इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *