ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर हाइट्स-2 के डी ब्लॉक में 24 वर्षीय जैसमीन की 14वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। जैसमीन फरीदकोट में तैनात एसपी कर्मवीर सिंह चहल की बेटी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया था। मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में जैसमीन का पोस्टमार्टम करवाया गया। अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने डिप्रेशन को बताया मौत का कारण
थाना सदर के SHO बलकरण ने बताया कि पुलिस को जैसमीन की मौत की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शुरुआती तौर पर मौत का कारण डिप्रेशन बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
2018 में ICAC परीक्षा में हासिल किया था शानदार प्रदर्शन
जैसमीन पढ़ाई में बेहद प्रतिभाशाली थी। साल 2018 में उसने ICAC की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.2 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। बताया गया है कि इस परीक्षा में उसने देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया था। जैसमीन की इस उपलब्धि के बावजूद अब उसकी अचानक हुई मौत ने परिवार और आसपास के लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
मौके से मिले कागज की भी जांच
पुलिस को घटना के दौरान एक कागज मिलने की बात सामने आई है, जिस पर “I was wrong, I am sorry” लिखा होने की जानकारी दी गई। इस कागज को लेकर जब थाना सदर के SHO से सवाल किया गया तो उन्होंने इस संबंध में कोई जानकारी साझा करने से इनकार किया। वह इस कागज के बारे में फिलहाल कुछ नहीं कह सकते। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
6 महीने में तीसरी घटना के सवाल पर पुलिस ने दिया जवाब
जालंधर हाइट्स में पिछले 6 महीनों के दौरान छत से गिरने के कारण युवतियों की मौत की घटनाओं को लेकर भी SHO से सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में फिलहाल कुछ नहीं कह सकते। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









