ख़बरिस्तान नेटवर्क : फिरोजपुर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने शहीद ऊधम सिंह चौक पर नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे गए।
बुलेट पर पटाखे बजाने वालों पर कार्रवाई
नाकाबंदी के दौरान खास तौर पर बुलेट मोटरसाइकिल पर पटाखे बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के करीब 40 चालान काटे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बुलेट पर पटाखे बजाकर सड़क पर हुड़दंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने वाहन चालकों को संदेश दिया कि सड़क पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेकिंग के दौरान दस्तावेजों और वाहनों से संबंधित नियमों की भी जांच की गई।
हादसों को रोकना पुलिस का मुख्य मकसद
इस मौके पर ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने वाहन चालकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। पुलिस अधिकारी ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का पालन करने से सड़क हादसों को रोकने में मदद मिल सकती है। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसना है।









