ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में चुनाव से पहले स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, इस प्रक्रिया के बाद राज्य में करीब 13 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। पहले पंजाब में लगभग 2.14 करोड़ वोटर दर्ज थे, जबकि फाइनल वोटर लिस्ट में अब करीब 2.01 करोड़ मतदाता रह गए हैं।
CEO पंजाब की वेबसाइट पर चेक करें अपना नाम
चुनाव आयोग ने फाइनल वोटर लिस्ट अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी है। मतदाता www.ceopunjab.gov.in पर जाकर सूची में अपना नाम चेक कर सकते हैं। वेबसाइट पर Final Roll 2026 के विकल्प के जरिए मतदाता सूची में नाम देखा जा सकता है।
करीब 7 लाख वोटर दूसरे राज्यों में शिफ्ट हुए
चुनाव आयोग के मुताबिक, जांच के दौरान करीब 7 लाख मतदाता ऐसे पाए गए, जो पंजाब से दूसरे राज्यों में शिफ्ट हो चुके हैं। बताया गया है कि इन मतदाताओं ने दूसरे राज्यों में भी अपना वोट बनवा लिया है। इसके अलावा करीब 4 लाख मतदाताओं को मृत दर्ज किया गया है।
एक लाख लोगों की बनी थी डुप्लीकेट वोट
वहीं, जांच के दौरान एक लाख से ज्यादा डुप्लीकेट वोट भी सामने आए हैं। इन कारणों से मतदाता सूची में बड़े स्तर पर बदलाव हुआ है। इससे पहले 13 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में करीब 1.94 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल थे। उस समय कई मतदाताओं की मैपिंग पूरी नहीं हुई थी। इसके बाद दावे और आपत्तियां मांगी गईं तथा उनकी जांच की गई।








