ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब में लगातार लग रहे बिजली कट के बीच बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने बड़ा दावा किया है। लुधियाना में मंत्री ने कहा कि 15 सितंबर से पंजाब में लंबे बिजली कट लगने बंद हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए प्राइवेट बिजली प्लांट भी ठीक करवाए हैं।
मंत्री के मुताबिक, बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए करीब 200 सरकारी कर्मचारियों को लगाया गया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की कोशिशों के चलते आने वाले दिनों में बिजली की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
पहले से ज्यादा बिजली दी जा रही
तरुणप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि पंजाब में किसानों को पहले की तुलना में ज्यादा बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। उनके मुताबिक, किसानों को अब 8 घंटे की बजाय करीब 10 घंटे बिजली दी जा रही है। इस साल पंजाब में बिजली की मांग पिछले साल के मुकाबले करीब 3,500 मेगावाट बढ़ गई है। बढ़ी हुई मांग के बावजूद सरकार बिजली आपूर्ति को बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
16 हजार मेगावाट के पार बनी हुई है बिजली की मांग
दूसरी तरफ पंजाब में बिजली की मांग लगातार 16 हजार मेगावाट से ऊपर बनी हुई है। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) अलग-अलग स्रोतों से अधिकतम स्तर पर बिजली उत्पादन करवाने में जुटा हुआ है। हालांकि, कोयले की कमी के कारण बिजली की कुल जनरेशन करीब 5,743 मेगावाट तक ही पहुंच पा रही है। ऐसे में उत्पादन और मांग के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है।
बिजली की जनरेशन बढ़ी, लेकिन डिमांड में कमी नहीं
पिछले कुछ दिनों की तुलना में पंजाब में बिजली उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन बिजली की मांग लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई है। मांग पूरी करने के लिए PSPCL को केंद्रीय पूल से भी बिजली लेनी पड़ रही है। इसी वजह से राज्य के कई हिस्सों में बिजली कट की समस्या बनी हुई है।









