कपूरथला में IDBI बैंक में लगी भीषण आग, लाखों रुपए का हुआ नुकसान

कपूरथला के व्यस्त इलाके रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित IDBI बैंक की शाखा में शनिवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक बैंक की इमारत से काला धुआं निकलने लगा।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : कपूरथला के व्यस्त इलाके रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित IDBI बैंक की शाखा में शनिवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक बैंक की इमारत से काला धुआं निकलने लगा। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 6 बजे बजे बैंक से धुआं उठते देखा और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया।

फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही फायर अधिकारी गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग को पूरी तरह से बुझा दिया, जिससे आग आसपास की अन्य दुकानों या इमारतों तक नहीं फैल सकी। शुरूआती जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट नजर आ रहा है, हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान
IDBI बैंक के शाखा प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 6 बजे बैंक में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद वह मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले ही फायर ब्रिगेड की टीम राहत कार्य में जुटी हुई थी। मैनेजर के अनुसार, आग लगने के कारण बैंक के भीतर रखे कई अति महत्वपूर्ण दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुके हैं। प्राथमिक आकलन के आधार पर इस अग्निकांड में बैंक को लाखों रुपये के भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *