जालंधर में पुलिस से बचने के लिए कोर्ट बिल्डिंग से कूदे गैंगस्टर अमन-फतेह, दोनों की टांगें टूटीं

Gangsters Aman and Fateh jumped from the court building in Jalandhar to evade the police; both suffered broken legs.

जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को दो वांछित आरोपियों अमन और फतेह को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जालंधर कचहरी कॉम्प्लेक्स की बिल्डिंग से छलांग लगाकर भागने की कोशिश कर रहे थे। नीचे गिरने से दोनों की टांगों में गंभीर चोटें आईं।

मामला जालंधर कैंट थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस को FIR नंबर 84/2 में दोनों आरोपियों की काफी समय से तलाश थी। यह मामला आर्म्स एक्ट के तहत अवैध हथियार रखने से संबंधित बताया जा रहा है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि अमन और फतेह किसी पुराने मामले की सुनवाई के लिए कोर्ट परिसर पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की।

पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने कोर्ट बिल्डिंग से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से दोनों घायल हो गए और उनकी टांगों में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से पकड़कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

इलाज के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

अमन पर 11, फतेह पर 16 केस

पुलिस जांच के अनुसार, दोनों आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में नामजद हैं। अमन के खिलाफ 11, जबकि फतेह के खिलाफ 16 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस अब रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से उनके पुराने मामलों और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर पूछताछ करेगी। पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *