पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी इन दिनों पढ़ाई पर ध्यान दे रहे हैं। वह पंजाब यूनिवर्सिटी से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए कर रहे हैं। गुरुवार को चन्नी परीक्षा देने पंजाब यूनिवर्सिटी पहुंचे और आम छात्रों की तरह परीक्षा हॉल में बैठकर पेपर दिया। उनकी सुरक्षा और अन्य स्टाफ परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद रहा।चन्नी की परीक्षा दोपहर 12:30 बजे तक चली। परीक्षा में शामिल होने के कारण वह दिल्ली में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में भी शामिल नहीं हुए।
कई डिग्रियां हासिल कर चुके हैं चन्नी
चरणजीत सिंह चन्नी पढ़ाई के प्रति अपनी रुचि के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से बीए, एलएलबी और राजनीति विज्ञान में एमए किया है। इसके अलावा उन्होंने आईके गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से एमबीए भी किया है।
साल 2023 में चन्नी ने पंजाब यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान में पीएचडी पूरी की थी। अब वह इसी यूनिवर्सिटी से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए कर रहे हैं।
2022 के बाद अमेरिका में पूरी की थी थिसिस
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद चन्नी कुछ समय के लिए सक्रिय राजनीति से दूर रहे। उस दौरान वह अमेरिका चले गए थे। वहां उन्होंने राजनीतिक गतिविधियों से दूरी बनाकर अपनी अधूरी थिसिस पूरी करने पर ध्यान दिया।चन्नी ने चुनावी हार के बाद अपनी रिसर्च पूरी की और बाद में राजनीति में सक्रिय वापसी की। अब वह पढ़ाई के साथ-साथ राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं।









