ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर में महिला कांग्रेस की अगुवाई में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने का अनोखा तरीका अपनाया। कांग्रेसी वर्करों ने सड़कों पर प्याज का लंगर लगाया और कहा कि मोदी सरकार में आम जनता का जीना दुश्वार हो गया है। वहीं पंजाब सरकार हजार-हजार रुपए देने का वादा करके चीनी और सब्जियों के दाम बढ़ाकर लोगों की जेब काट रही है।
मोदी सरकार में आम लोगों का जीना दुश्वार – बेरी
कांग्रेस के पूर्व विधायक राजिंदर बेरी ने कहा कि सत्ता में आने से पहले नरेंद्र मोदी ने कहा था कि अच्छे दिन आने वाले हैं। पर चीनी, सिलेंडर और सब्जियों के दाम आसमान को छू रहे हैं। मोदी सरकार में आम लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। जिससे लोग पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल को याद करने पर मजबूर हैं, जिन्होंने महंगाई को कंट्रोल कर रखा हुआ था। पर आज गरीब रोटी खाने के लिए भी तरस रहा है। इसलिए हमने प्याज का लंगर लगाया है।
हजार रुपए देकर चीनी और सब्जियों के दाम बढ़ाए
वहीं उन्होंने आगे कहा कि हमारी पंजाब सरकार से मांग है कि आप महिलाओं को एक बार हजार-हजार रुपए देकर चीनी का रेट बढ़ा दिया और बड़ी-बड़ी शुगर मिल से पैसे ले लिए। अगर सरकार ने महिलाओं को पैसे डाल दिए हैं तो आप बताएं महिलाएं इसमें चीनी कैसे खरीदेगी और सिलेंडर कैसे खरीदेंगी।
सरकारी कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन किया
इसके साथ ही बेरी ने सरकारी कर्मचारियों (मुलाजिमों) की हड़ताल का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि 1977 के बाद आज पंजाब में ऐसे हालात बने हैं कि लगभग हर सरकारी महकमा हड़ताल पर है। पुरानी पेंशन योजना (OPS) और डीए (DA) की मांग कर रहे मुलाजिमों को उनका हक देने के बजाय पंजाब सरकार कोर्ट-कचहरी में मामले को उलझा रही है।
कांग्रेस कर्मचारियों के साथ मजबूती के साथ खड़ी है
मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘या तो हड़ताल कर लो या मीटिंग’ वाले बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपने हक के लिए आवाज उठाने का अधिकार है। कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ हड़ताली कर्मचारियों के साथ खड़ी है और आने वाले चुनावों में जनता इस तानाशाही का जवाब वोट से देगी।









