समाजसेवक अन्ना हजारे की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। डॉक्टर गौतम भंसाली ने बताया कि अन्ना हजारे फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।
किडनी में इंफेक्शन की शिकायत
ANI की जानकारी के मुताबिक, अन्ना हजारे किडनी में इंफेक्शन की समस्या से जूझ रहे हैं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें महाराष्ट्र के रालेगणसिद्धि से मुंबई लाया गया। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पिछले हफ्ते भी अस्पताल में हुए थे भर्ती
अन्ना हजारे को पिछले सप्ताह यूरिन से जुड़ी परेशानी के चलते शिरूर के वेदांत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब तीन दिन इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था। हालांकि, इलाज के दौरान उनका क्रिएटिनिन लेवल बढ़ गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई शिफ्ट करने का फैसला किया।
NEET पेपर लीक प्रदर्शन को दिया था समर्थन
अन्ना हजारे हाल ही में NEET पेपर लीक मामले को लेकर भी चर्चा में रहे थे। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई थी और 20 जुलाई को संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा की थी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत करने और उनकी चिंताओं का समाधान करने की अपील भी की थी। इसके अलावा, उन्होंने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में दो घंटे का मौन विरोध प्रदर्शन भी किया था।
2011 में मिली थी देशभर में पहचान
अन्ना हजारे भ्रष्टाचार विरोधी और सामाजिक सुधार अभियानों के लिए लंबे समय से जाने जाते हैं। साल 2011 में मजबूत लोकपाल कानून की मांग को लेकर किए गए उनके भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन और भूख हड़ताल ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई थी।









