टोरंटो में पंजाबी युवती की गोली मारकर हत्या, अमृतसर में पिता ने रोते हुए सुनाई पूरी दास्तां

Amritsar girl shot dead in Toronto

कनाडा के टोरंटो में अमृतसर की 26 वर्षीय नवनीत कौर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। नवनीत के पिता हरभजन सिंह और चाचा बलबीर सिंह ने दावा किया है कि वह पिछले कई महीनों से एकतरफा प्यार के चलते कथित तौर पर परेशान की जा रही थी। परिवार के मुताबिक, इस संबंध में कनाडा पुलिस के पास पहले ही शिकायत दर्ज कराई गई थी।

परिवार के अनुसार, नवनीत करीब पांच साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे वर्क परमिट मिला और बाद में PR हासिल करने के बाद वह एक बैंक में नौकरी कर रही थी। करीब एक महीने पहले वह चार साल बाद अपने परिवार से मिलने अमृतसर आई थी। 27 जून को उसने अमृत छका और 29 जून को वापस कनाडा लौट गई।

परिवार का आरोप- लगातार कर रहा था परेशान

परिवार का दावा है कि कोटकपूरा से संबंधित शरणजीत नाम का युवक पिछले कई महीनों से नवनीत को परेशान कर रहा था। वह कथित तौर पर लगातार फोन करता, उसका पीछा करता और उसके बैंक तक पहुंच जाता था।

इसके बाद नवनीत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। परिवार के मुताबिक, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया था और मामला अदालत तक भी पहुंचा था। इसके बाद नवनीत ने अपना मोबाइल नंबर और रहने की जगह बदल ली थी, लेकिन परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी उस तक पहुंच गया।

परिवार को भी धमकियां मिलने का दावा

नवनीत के चाचा बलबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने शरणजीत के परिवार से भी कई बार संपर्क किया था। आरोपी की पत्नी और भाई ने भरोसा दिलाया था कि वह नवनीत को परेशान नहीं करेगा। हालांकि, परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद धमकियां जारी रहीं और नवनीत समेत उसके पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई।

हत्या से पहले भाई से वीडियो कॉल पर थी नवनीत

परिवार के अनुसार, घटना वाले दिन सुबह करीब 7:30 बजे नवनीत बैंक जाने के लिए बस स्टॉप पर खड़ी थी और अपने भाई से वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर कहा, “शरण आ गया है” और उससे पूछा कि वह यहां क्यों आया है।

परिवार के मुताबिक, इसके कुछ ही पल बाद फोन अचानक कट गया और नवनीत से संपर्क टूट गया। बाद में परिवार को उसकी गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिली।

परिवार ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

परिवार ने सवाल उठाया है कि जब आरोपी के खिलाफ पहले से पुलिस शिकायत दर्ज थी और मामला अदालत में चल रहा था, तो वह खुलेआम कैसे घूम रहा था। परिवार ने यह भी सवाल किया कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया।

परिजनों ने कनाडा सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भारत सरकार से नवनीत के शव को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की है।परिवार ने अपने लिए सुरक्षा की भी मांग की है। उनका दावा है कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *